Chandauli News: बीएसएफ जवान का शव घर पहुंचते ही उमड़ी भीड़, बलुआ घाट पर गार्ड ऑफ़ ऑनर के साथ हुआ अंतिम संस्कार.

Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा।
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के टेकापुर गांव निवासी 50 वर्षीय बीएसएफ जवान राजेन्द्र राम का रविवार की सुबह राजस्थान के जैसलमेर से त्रिपुरा जाते समय ट्रेन में अचानक तबीयत खराब होने पर निधन हो गया है। इसकी जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया है। सोमवार को देर शाम जवान का शव घर पहुंचते ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। बलुआ घाट पर जवान का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के टेकापुर गांव निवासी स्व. कुब्बा राम के दो पुत्र राजेन्द्र राम और रविन्द्र राम हैं। राजेन्द्र राम बीएसएफ की 154 बटालियन राजस्थान प्रदेश के जैसलमेर में तैनात थे। राजेन्द्र राम के तीन पुत्र अभयकांत, शशीकांत और श्रीकांत हैं। शशीकांत भी बीएसएफ का जवान है। शनिवार को राजेन्द्र राम देर शाम जैसलमेर से अपने बटालियन के साथ त्रिपुरा के लिए ट्रेन से जा रहे थे। अचानक तबीयत खराब होने पर उनका निधन हो गया।

सोमवार को शव घर पहुंचते ही ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। भारत माता की जय, बंदे मातरम का नारा लगाते हुए सैकड़ों की संख्या में नौजवान व ग्रामीण अंतिम यात्रा में शामिल हुए। बलुआ घाट पर गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम संस्कार किया गया। पत्नी शांति देवी, पुत्री अमृता सहित बेटों का रोते रोते बुरा हाल हो गया।

इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, बसपा जिलाध्यक्ष घनश्याम प्रधान, निठोहर सत्यार्थी, सोनू, संतोष यादव, संजीव कुमार, अरुण रत्नाकर, गिरजेश दादा, भाईराम सहित अन्य ग्रामीण व जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचकर जवान को सलामी दी।