Chandauli Video: यूपी बिहार सरकार के समन्वय से मित्र वन की हुई स्थापना, लतीफशाह किया गया पौधारोपण.

Story By: गोविन्द कुमार, चकिया।
चंदौली। उत्तर प्रदेश और बिहार राज्य के बीच समन्वय स्थापित करके दोनों के दोस्ती का जंगल मित्र वन के रूप में लतीफशाह के पीतपुर में मंगलवार को समारोह पूर्वक स्थापित किया गया। मुख्य अतिथि बिहार राज्य के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि बिहार की विधान परिषद सदस्य निवेदिता सिंह, चकिया विधायक कैलाश आचार्य और मुख्य वन संरक्षक वन्य जीव पश्चिमी क्षेत्र कानपुर एन रविंद्रा ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर मित्र वन के उद्देश्य को साकार किया।
समारोह के दौरान दोनों राज्यों के जनप्रतिनिधियों के साथ ही अधिकारियों ने पर्यावरण को मिलकर संरक्षित करने का संकल्प लिया। समारोह को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यूपी और बिहार का रिश्ता केवल मित्र वन तक ही नहीं सीमित है। बल्कि यह तो पिछले कई युगों से भगवान राम और माता सीता के रिश्तों को संजोए हुए है।

कहा भारत मां और उसकी मिट्टी को बचाना है तो प्रकृति का संरक्षण और उसका संवर्धन करना जरूरी है। श्रम मंत्री ने कहा मित्र वन दोनों राज्यों के वनस्पतियों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कोरोना काल की त्रासदी पर चर्चा करते हुए कहा कि ऑक्सीजन की कीमत और उसके महत्व को उससे प्रभावित लोगों से बेहतर कोई नहीं समझा होगा। उन्होंने आम जनमानस से एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि निवेदिता सिंह ने कहा कि जिस प्रकार एक मां अपने बच्चों को पलटी है इस तरह सभी को एक पेड़ लगाकर उसकी सुरक्षा करनी होगी। कहा अगर गलती से भी एक पेड़ कट जाए तो उसके बदले 10 पेंड़ लगाएं। विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि पेड़ लगाने से जीवन धन्य होगा, प्रकृति का संतुलन बिगड़ने से तमाम आपदाएं आती हैं।

जिसका सीधा असर मनुष्य के दैनिक जीवन पर पड़ता है। कहा स्वस्थ जीवन के लिए पौधारोपण पर जरूरी है। मित्र वन में विभिन्न प्रजातियों के 4800 फलदार और छायादार पौधे अर्पित किए गए। समारोह के दौरान चकिया प्राथमिक विद्यालय व पूर्व माध्यमिक विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत वन गीत और विशेष पीटी का प्रदर्शन कर समां बांधा।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से वृक्ष बंधु परशुराम सिंह, डीएफओ दिलीप श्रीवास्तव, चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, पूर्व विधायक शिव तपस्या पासवान, राजेश बहेलिया, डॉ कुंदन गौड़, एसडीओ सत्यपाल प्रसाद, सूर्यमुनी तिवारी, मनीष राय, चकिया रेंजर अश्विनी चौबे, चंद्रप्रभा रेंजर योगेश कुमार सिंह सहित दोनों राज्यों के जिला प्रशासन के अधिकारी और वनकर्मी मौजूद रहे।