Chandauli News: अनिल राजभर के घर से मझवा उपचुनाव की जीत का जश्न मना कर घर लौट रहा बीजेपी नेता हुआ सड़क हादसे का शिकार.

Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा।
चंदौली। भाजपा किसान मोर्चा चंदौली के जिला उपाध्यक्ष व सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के खड़ेहरा गांव के प्रधान 52 वर्षीय दीनबंधु राजभर की रविवार को वाराणसी के चांदमारी के समीप सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक दीनबंधु राजभर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के वाराणसी आवास से बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। घटना की जानकारी होने पर परिजनों व शुभचिंतकों में कोहराम मच गया।

पीएम के बाद शव घर पहुंचने पर भारी संख्या में भीड़ जुट गई। बलुआ घाट पर परिजनों ने अंतिम दाह संस्कार किया। भाजपा नेता की मौत पर परिजनों का रोते रोते बुरा हाल था। दीनबंधु राजभर खड़ेहरा गांव के प्रधान के साथ भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष व बूथ अध्यक्ष भी रहे। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के करीबी हर पल साथ रहने वाले दीनबंधु राजभर मझवा चुनाव में साथ साथ रहे।

मझवा का चुनाव परिणाम आने के बाद जीत की खुशी मनाने के लिए मंत्री आवास पर शनिवार को गए हुए थे। रविवार को सुबह अपने बाइक से घर लौटते समय वाराणसी चांदमारी के समीप अचानक बाइक असंतुलित होने पर गिर जाने से अचेत हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे मंत्री के परिवार के लोगों ने आनन-फानन में शिवपुर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पीएम होने के बाद शव घर पहुंचने पर कोहराम मच गया। पुत्र सचिन, मनीष उर्फ सन्नी, सुशील, पत्नी सुमित्रा देवी सहित परिवार के लोगों को रोते रोते बुरा हाल था। बलुआ घाट पर मंत्री अनिल राजभर, अरविंद पांडेय, दीपक जायवाल, रतेन्द्र, डा. मनोज, अतुल सिंह, सुभाष सिंह, सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नम आंखों से अंतिम संस्कार में शामिल हुए।