Sonbhadra News: युवक ने फांसी लगाकर की खुदखुशी, परिवार में मचा कोहराम.

Story By: विकास कुमार हलचल, विंढमगंज।
सोनभद्र।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के मूडिसेमर ग्राम पंचायत में बुधवार को उस समय परिजनों में कोहराम मच गया जब एक युवक ने पारिवारिक कलह में अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अशोक राम (35) पुत्र स्वर्गीय सरजू राम की मौत से गांव में सन्नटा पसर गया। मिली जानकारी के अनुसार मूडिसेमर ग्राम पंचायत के हरिजन बस्ती में निवास करने वाले अशोक राम ने अपने ही घर की छत पर लगे पंखे की कुंडी में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

जैसे ही घटना की सूचना विंढमगंज थाना को हुई वैसे ही उप निरीक्षक सुनील कुमार राय मय फ़ोर्स मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया। वही ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार बीते दो-तीन दिनों से मृतक अशोक राम और उसकी पत्नी सुनीता देवी के बीच मोटरसाइकिल को लेकर आपसी विवाद चल रहा था। चर्चाओं की माने तो पारिवारिक कलह के चलते अशोक राम ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। अशोक राम की मौत की घटना से पत्नी सुनीता देवी और अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।