Chandauli News: विवाहिता का पलंग पर मिला शव, मार्च में हुआ था विवाह, पिता ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप.

Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क।
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के धानापुर कस्बा में शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का उसके कमरे के अंदर पलंग पर शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुट गई। सूचना पर पहुंचे विवाहिता के परिजनों ने विवाहिता के हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी।

जानकारी के अनुसार बिहार राज्य के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के कुर्रा गाँव निवासी कामेश्वर सिंह की पुत्री ज्योति सिंह का विवाह इसी साल मार्च महीने में धानापुर कस्बा निवासी संतोष सिंह के पुत्र सुशांत सिंह ऊर्फ अमन से हुआ था। शनिवार की शाम मृतका के ससुर द्वारा सूचना दी गई कि उसने पंखे से लटक कर जान दे दी है।

मृतका के दो बड़े भाइयों, माता, पिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में मृतका को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मृतका के चाचा नितेश सिंह ने बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट कर हत्या की है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। उन्होंने दोषी लोगों के ऊपर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

धानापुर थाना प्रभारी शरद गुप्ता ने बताया कि संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के पिता ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा।