Chandauli News: सड़कों पर घूम रहे हैं आवारा छुट्टा पशु.

Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। मुख्यमंत्री द्वारा छुट्टा पशुओं की देखरेख के लिए हर ब्लॉक में पशु आश्रय केंद्र बनाया गया है, जिससे उनकी देखभाल हो सके। किन्तु चहनियां क्षेत्र में दर्जनों छुट्टा पशु घूम रहे हैं। दो दिन पहले चहनियां कस्बा में एक पशु की मौत हो गई, जो दो दिन तक मार्ग पर पड़ा रहा।

प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ द्वारा कोई भी पशु न भटके, चारा और पानी के अभाव में कोई पशु दम न तोड़े, इसके लिए जनपद के हर ब्लॉक में दो या तीन पशु आश्रय केंद्र बनवाकर कुछ विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्षेत्र के लगभग हर बाजारों और गांवों में आवारा छुट्टा पशु घूमते नजर आएंगे। सबसे ज्यादा परेशानी हाईवे बनने के बाद हो रही है। छुट्टा पशुओं के कारण लोगों का एक्सीडेंट हो रहा है। चहनियां कस्बा में दो दिन पूर्व एक पशु ने दम तोड़ दिया, जो दो दिनों तक मार्ग पर ही पड़ा रहा। ग्रामीणों ने खुद ही मृत पशु को हटवाया।

ग्रामीणों ने कहा कि विभागीय लोगों की अनदेखी से मुख्यमंत्री की यह योजना फ्लॉप साबित हो रही है। पशुओं की देखभाल के लिए जो पशु आश्रय केंद्र बनाया गया है, उसका लाभ इन्हें नहीं मिल रहा है। खेत में फसलों और सब्जियों को नुकसान पहुँचा रहे हैं अलग से। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराते हुए इन्हें पशु आश्रय केंद्र भेजवाने की मांग की है।