Chandauli News: तेजी से बढ़ रहा है गंगा का जलस्तर, पुराना महिला चेंजिंग रूम भी डूबा.

Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। गंगा का जलस्तर अब तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर तेजी से बढ़ने के साथ ही ग्रामीण किनारे से अपना सामान समेटने लगे हैं। बलुआ घाट पर शवदाह गृह को पानी अपने आगोश में ले लिया है। तटवर्ती गांव के ग्रामीणों की बेचैनी बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार की रात में जलस्तर चार फीट बढ़ा है।

बलुआ घाट की सभी सीढ़ियाँ डूब चुकी हैं। मात्र एक प्लेट शेष बचा है। इसके बाद पानी यात्री विश्रामालय के टीनशेड में घुस जाएगा। पुराना महिला चेंजिंग रूम सोमवार की रात में डूब गया। नया महिला चेंजिंग रूम और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बना भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण भी डूबने के कगार पर है। गंगा का पानी शवदाह गृह को भी अपने फेटे में ले लिया है। सबसे ज्यादा परेशानी शव जलाने वाले लोगों को होगी। शवदाह गृह इसीलिए बनाया गया था कि बाढ़ में लोग अंतिम संस्कार कर सकें।

गंगा तटवर्ती गांव भुपौली, डेरवा, महड़ौरा, कांवर, पकड़ी, महुअरिया, विसुपुर, महुआरी खास, सराय, बलुआ, डेरवाकला, महुअर कला, हरधन जुड़ा, गंगापुर, पुराबिजयी, पुरागणेन, चकरा, हरधनजुड़ा, सोनबरसा, टांडाकला, महमदपुर, सरौली, तीरगावा, हसनपुर, बड़गांवा, नादी निधौरा, सहेपुर आदि तटवर्ती गांवों के किसानों और ग्रामीणों की हजारों एकड़ उपजाऊ जमीन पहले ही बाढ़ के दौरान गंगा में समाहित हो चुकी है। इस वर्ष पुनः गंगा का रौद्र रूप देखकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।