Sonbhadra News: अनियंत्रित बाइक पेंड से टकराने से युवक की मौत, गंभीर रूप से घायल युवक रेफर.

Story By: अनुज जायसवाल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
बभनी थाना क्षेत्र के बभनी-बीजपुर मार्ग पर रविवार के शाम करीब पांच बजे असनहर विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर बाइक गोमती से टकराते हुए पेंड से जा टकराई जिससे बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार सरदार सिंह 17 पुत्र राजकुमार निवासी झोझवा ग्राम बरवें तथा रविन्द्र कुमार 20 पुत्र दशरथ निवासी झोझवा बरवें दोनों बाइक से अपने घर से चपकी की ओर जा रहे थे। जैसे ही पुरानी बस्ती असनहर स्कूल के पास पहुंचे कि बाइक अनियंत्रित होकर पहले गोमती से टकराई फिर पेंड से जा टकराई। दोनों बाइक से दूर जा गिरे। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना तत्काल बभनी पुलिस और 108 एम्बुलेंस को दिया। सूचना पाकर उप निरीक्षक शशिकांत सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए और ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस द्वारा दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी भिजवाया।

जहां सरदार सिंह को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं रविन्द्र कुमार का प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में ले लिया गया है और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवाया जा रहा है।