Sonbhadra News: पेड़ पर गमछे के फंदे के सहारे लटकता मिला शव, शव देख परिजनों में मचा कोहराम.

Story By: अनुज जायसवाल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
पिपरी थाना क्षेत्र के खाड़पाथर के जंगल में शुक्रवार की सुबह एक युवक का पेड़ से लटकता हुआ शव देख सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस व परिजनो ने शव को पेड़ से उतारा। युवक के शरीर पर कई जगह चोट के और नाखून के निशान मिलने की बात कही जा रही है। जिससे परिजनों ने उसकी हत्या कर पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार फतेहपुर के बिन्दकी तहसील के रहने वाले अवधेश सिंह का बड़ा पुत्र शुभम सिंह नगर में ही रहकर हिंडाल्को में एक संविदाकार के यहां क्रेन और हाइड्रा ऑपरेटर था। गुरुवार की रात लगभग 9:30 बजे वह अपने घर से यह कह कर निकला कि वह मुर्धवा मोड़ से घूमकर वापस आ रहा है।

परिजनों ने बताया वह विवेकानंद कॉलोनी स्थित अपने घर से पैदल ही निकला था। काफी देर हो जाने के बाद भी जब वह घर नहीं आया तो घर वालों ने उसे फोन किया, लेकिन उसका फोन नहीं उठा। सारी रात फोन ना उठने पर परिजन परेशान रहे। शुक्रवार की सुबह किसी ने परिजनों को सूचना दी कि युवक का शव जंगल में एक पेड़ में गमछे के सहारे लटक रहा है। सूचना पाकर परिजन वहां पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंचे पिपरी के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने शव को कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गए।

मृतक के पिता अवधेश सिंह ने अपने पुत्र की हत्या का आरोप लगाया है उन्होंने बताया कि उसके पुत्र को हथवानी गांव की राजकुमारी नाम की एक लड़की फोन करती थी। जबकि उसे कई बार हम लोगों द्वारा मना किया गया कि हमारे लड़के को फोन मत किया करो इसके बावजूद वह फोन करती थी। उसके पिता ने बताया कि लगभग दो-तीन माह पहले उसके घर पर तीन लड़के आए थे और बोले कि अपने लड़के को समझा लो की लड़की से बात ना किया करें नहीं तो उसकी जान से मार देंगे और आज यह घटना घट गई। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।