Chandauli News: गंगा के जलस्तर घटने से तटवर्ती गांवों के किसानों ने ली राहत की सांस.

Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। विगत कई दिनों से गंगा में लगातार जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांवों के किसानों व ग्रामीणों में दहशत, बैचैनी और चिंता बढ़ गई थी। लेकिन अड़तालीस घंटे में चार फीट गंगा के जल स्तर में गिरावट आने से क्षेत्र के दर्जनों तटवर्ती गांवों के लोगों ने राहत की सांस ली है। हाल के दिनों में लगातार गंगा के बढ़ते जलस्तर का पानी तटवर्ती गांवों के खेतों व कच्चे रास्तों के समीप पहुंचने ही वाला था, जिससे लोगों को बाढ़ की आशंका को लेकर भय सताने लगा था।

वहीं, गंगा का जल स्तर अब धीरे-धीरे घट रहा है, जिससे तटवर्ती इलाके के लोगों को बाढ़ के डर से राहत महसूस हो रही है। तटवर्ती गांव भुपौली, डेरवा, महड़ौरा, कांवर, महुअरिया, पकड़ी, विशुपुर, महुआरी, सराय, बलुआ, डेरवा कला, महुअर कला, हरधनजुड़ा, पुरागनेश, सोनबरसा, टांडाकला, महमदपुर, सरौली, जमालपुर, तिरगावा, हसनपुर, बढ़गावा, नादी निधौरा, सहेपुर आदि गांवों के किसानों व ग्रामीणों को बाढ़ की आशंका को लेकर चिंता सताने लगी थी।

तटवर्ती गांवों के किसानों को खेतों में बोए गए सैकड़ों एकड़ ज्वार, हरा चारा, अरहर, मूंग, सब्जी, व धान की फसलें बाढ़ आने के दौरान बर्बाद हो जाती हैं। तटवर्ती गांवों में झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को पशुओं को चारे व भोजन की विकट समस्या उत्पन्न हो जाती है। साथ ही विषैले जंतुओं का खतरा हमेशा बना रहता है। बाढ़ के दौरान अब तक सैकड़ों एकड़ उपजाऊ भूमि गंगा में समाहित हो चुकी है। फिलहाल गंगा के घटते जलस्तर से किसानों, ग्रामीणों व जिला प्रशासन को राहत नजर आ रही है।