
Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर।
चंदौली। डीडीयू रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में स्थित बाइक स्टैंड पर मनमाना किराया वसूली पर रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई की है। दो पहिया वाहन स्टैंड संचालक पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जीएसटी मिलाकर संचालक को 29 हजार रुपये का भुगतान करना होगा। 15 और 18 जून को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बिहार के प्रदेश सचिव डॉ. संतोष सिंह सहित कई यात्रियों से मनमाना किराया वसूला गया था।

डीडीयू स्टेशन पर रोजाना 25 हजार से ज्यादा यात्रियों का आवागमन होता है। यात्रियों के वाहनों को खड़ी करने के लिए यहां दोपहिया वाहन स्टैंड के साथ कार और चार पहिया वाहन स्टैंड स्थापित है। दोपहिया वाहन स्टैंड पर मनमाना किराया वसूली की जा रही है। स्थिति यह हो गई है कि चार महीने पहले जहां बाइक पार्किंग का किराया 24 घंटे में मात्र 10 रुपये लगता था, अब वहीं 24 घंटे का किराया 30 रुपये हो गया है। वहीं अब घंटे के हिसाब से किराया वसूला जा रहा है। घंटा पीछे पैसा वसूलना नियम संगत नहीं है। यह नियम उन लोगों के लिए लागू नहीं हो रहा है जो एक या दो दिन बाइक खड़ी कर रहे हैं। उनसे जबरन एक दिन ज्यादा का पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है।

15 जून को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बिहार के प्रदेश सचिव डॉ. संतोष सिंह से स्कूटी 36 घंटे खड़ी करने पर 72 घंटे का किराया वसूला गया। वहीं मुगलसराय के युवक कृष्णा से 24 घंटे में एक मिनट भी विलंब होने पर अगले 24 घंटे का किराया वसूला गया। ऐसे ही कई यात्रियों से ठगी हो रही थी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन बिहार के प्रदेश सचिव डॉ. संतोष कुमार सिंह ने एक्स पर रेलवे से यह शिकायत की है। इसके बाद रेल प्रशासन जागा और जांच कर स्टैंड संचालक पर 25 हजार रुपये जीएसटी का जुर्माना लगाया है।

इस तरह संचालक को 29 हजार रुपये जमा करने होंगे। यही नहीं, स्टैंड संचालक को चेतावनी दी गई है कि यदि अधिक किराया वसूला तो स्टैंड को निरस्त किया जाएगा। इस कार्रवाई से स्टैंड वाहन संचालक में हड़कंप मच गया। इस बाबत सीनियर डीसीएम राजीव रंजन ने बताया कि स्टैंड संचालक पर अधिक पैसा लेने पर जुर्माना किया गया।