Chandauli News: प्रेम विवाह में असफल युवक ने छह वर्षीय पुत्र के साथ लगाई फांसी.

Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के नई सट्टी न्यू महाल निवासी 30 वर्षीय युवक प्रेम विवाह में विफल होकर गुजरात में अपने 6 वर्षीय बेटे के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। दोनों शवों के बुधवार प्रातः घर पहुंचते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं।

नगर क्षेत्र के नई सट्टी न्यू महाल निवासी अशोक गुप्ता के बड़े पुत्र अंकुर गुप्ता का लगभग 8 वर्ष पूर्व असम निवासिनी सन्नी से प्रेम हो गया। कुछ दिनों बाद विधि विधान से दोनों ने प्रेम विवाह भी कर लिया। जिसके बाद अंकुर को एक पुत्र पैदा हुआ। युवती मुगलसराय रेल मंडल के तत्कालीन डीआरएम के आवास पर घरेलू कार्य करती थी। कुछ दिन बाद पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई, जो देखते-देखते तलाक तक पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि लगभग छह माह पूर्व दोनों के बीच तलाक भी हो गया। अंकुर के पिता गुजरात में किसी निजी कंपनी में काम करते थे। अंकुर भी अपने पिता संग बच्चे के साथ रहकर काम करने लगा। वहीं उसकी तलाकशुदा पत्नी दिल्ली में थी। इसी बीच सोमवार को अंकुर ने अपने 6 वर्षीय बेटे के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। जिसकी सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुजरात पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को एंबुलेंस से उसके घर भेज दिया। बुधवार की प्रातः 8 बजे शव घर पहुंचते ही आसपास के लोगों की भीड़ लग गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।