Sonbhadra News: पत्नी के सामने ही अधेड़ की गोली मारकर हत्या, घटना के बाद इलाके में मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस.

Story By: अनुज जायसवाल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
शाहगंज थाना क्षेत्र के मराची गांव में बीती रात एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद जहां परिजनों में कोहराम मच गया। बता दे कि मराची गांव निवासी अमरनाथ यादव (55) की रात करीब 12:30 बजे हत्या कर दी गई। घटना के समय मृतक अमरनाथ अपने घर में सो रहे थे।

रात का समय होने के चलते परिजन भी सो रहे थे। इस दौरान हमलावर बाइक से उनके घर पहुंचे और उन पर चाकुओं से तबातोड़ वार कर दिया। इतना ही नहीं आवाज़ सुनकर पहुंची पत्नी के सामने ही अमरनाथ को गोली मार दी गई। हालांकि गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर बाइक से फरार हो चुके थे।

मृतक की पत्नी ने दो आरोपियों के नाम का खुलासा किया है, साथ ही बताया कि आरोपियों द्वारा पहले भी मृतक को धमकियां मिली थीं। मृतक की पत्नी ने बताया हम बाहर सो रहे थे लड़की उन्हीं के पास सो रही थी। लगभग 12 बजे मच्छरदानी उठाकर उनको चाकू मार दिया गया। आवाज सुनकर हम लोग बाहर निकले तब लड़की रो रही थी। आरोपी कुछ दूर जाने के बाद फिर वापस आए और फिर गोली मार दी और फरार हो गए। गोली मारने के दौरान हम पास में ही थे। वारदात में तीन आदमी शामिल थे।

वही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने बताया मृतक का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सनसनी वारदात के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। मृतक के परिवार के बयान के आधार पर पुलिस ने दो नामजद अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाश में जुट गईं है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा भी पहुंचे थे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के बेटे द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि उसके पिता को बाइक से आये मंगल गुप्ता ओमजी पाठक और एक अन्य व्यक्ति ने तमंचे से गोली मार दी। मृतक के बेटे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अमरनाथ यादव को अस्पताल पहुंचाया। जहाँ इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। मामले में परिजनों के तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीन टीमे बनाई गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले को खुलासा कर दिया जाएगा।