Sonbhadra News: मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, आधा दर्जन से अधिक श्रमिक घायल.

Story By: उमेश कुमार सिंह, म्योरपुर।
सोनभद्र।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के परनी-बराइडाड़ मार्ग पर उस समय बड़ा हादसा हो गया जब शुक्रवार की रात श्रमिकों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। एक तरफ हादसे से मज़दूरों में हाहाकार मच गया तो दूसरी तरह हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा श्रमिक घायल हो गए।

अफरातफरी के माहौल में स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी म्योरपुर भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों द्वारा घायलों का इलाज देर रात तक जारी था।मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात रेणुकूट से पड़री ग्राम पंचायत के कमरीडांड़़ टोला जा रही श्रमिकों से भरी पिकअप अचानक बराइडाड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में 30 वर्षीय विफनी देवी पत्नी धानू, 17 वर्षीय अखिलेश पुत्र महेंद्र यादव, 22 वर्षीय सुनील पुत्र रामकेश यादव, 60 वर्षीय बुजुर्ग अमरजीत पुत्र रामकृत यादव, 50 वर्षीय महेंद्र यादव पुत्र मनीजर, 49 वर्षीय गुमता यादव पुत्र कल्पू यादव, 55 वर्षीय भोला पुत्र सुदर्मन, 39 वर्षीय हरिंदर पुत्र नाथूराम निवासी गण कमरीडांड़़ घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी म्योरपुर में इलाज़ के लिए भर्ती कराया गया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने बिना देरी किए घायलों का उपचार दिया।

वही घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी दुद्धी प्रदीप सिंह चंदेल व म्योरपुर थाना प्रभारी हेमंत सिंह हमराहियों के साथ म्योरपुर सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल जाना। घटना की वजह पिकअप का ब्रेक फैल होना बताया जा रहा है।