Chandauli News: तकनीकी खराबी के कारण दो घंटे खड़ी रही बंदे भारत एक्सप्रेस, रेल महकमे में मचा हड़कंप.

Story By: संदीप कुमार, बड़े बाबू, डीडीयू नगर।
चंदौली। डीडीयू रेल मंडल के डेहरी आन सोन स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म संख्या-03 पर ट्रेन 22499 अप देवघर-वाराणसी एक्सप्रेस का पेंटो टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया है। मामले की सूचना मिलते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने क्षतिग्रस्त पेंटो को बदलकर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।

जानकारी के अनुसार देवघर से वाराणसी जा रही 22499 अप वंदे भारत एक्सप्रेस शनिवार की देर शाम गया जंक्शन से 07:11 बजे खुली। सोन नगर रेलवे स्टेशन को पार करने के दौरान ट्रेन के कोच संख्या सी-3 के ऊपर लगा पेंटो टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया। इस बीच ट्रैक बदलने के दौरान तेज आवाज के साथ कोच में धुआं भर गया। यात्रियों के बीच अनहोनी की आशंका से अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने इसकी सूचना चालक को दी। तब तक ट्रेन डेहरी आन सोन के स्टार्टर सिग्नल पर पहुंच गई।

वंदे भारत एक्सप्रेस को डेहरी आन सोन स्टेशन पर रोक दिया गया। वंदे भारत एक्सप्रेस के पेंटो टूटने की घटना की जानकारी मिलते ही रेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे कर्षण विभाग के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता आलोक कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों की टीम ने अथक प्रयास कर कोच से पेंटो को हटाया। इसके बाद रात 22:00 बजे ट्रेन आगे के लिए रवाना हुई। इस बीच वंदे भारत एक्सप्रेस 22:15 बजे सासाराम, 23:17 बजे पीडीडीयू जंक्शन पहुंची।

इस घटना के कारण रविवार को डाउन वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 06:55 बजे के बजाय लगभग सात घंटे की देरी से दोपहर 01:50 बजे पीडीडीयू जंक्शन पर पहुंची। वहीं रविवार को डीडीयू रेल मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीना ने खुद मंडल के सोननगर के समीप चलती ओएचई निरीक्षण यान की छत पर सवार होकर एक घंटे तक पेंटो टूटने के कारणों की जांच की।