Sonbhadra News: न्याय की आस में पुलिस अधिकारियों के दफ्तर का चक्कर काट रही दुष्कर्म पीड़िता.

Story By: संगम पांडेय, रॉबर्ट्सगंज।
सोनभद्र।
न्यायालय के आदेश पर एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परेशान एक दुष्कर्म पीड़िता अपनी जान-माल की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों के दफ्तर का चक्कर काट रही है। गुरुवार को चुर्क पुलिस लाइन पहुंची दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी दुष्कर्म पीड़िता ने बताया कि सितम्बर माह में वह रॉबर्ट्सगंज से दवा लेकर घर वापस लौट रही थी।

हाथीनाला चौराहा पर जैसे ही वह उतर कर दुद्धी जाने के लिए वाहन पकड़ने के लिए आगे बढ़ी कि रेनुकूट निवासी रामकुमार गुप्ता उससे मिल गए और दुद्धी छोड़ देने की बात कहकर अपने वाहन में बैठा लिए। आरोप है कि तितली पार्क के आगे पहुंचने पर वाहन सवार रामकुमार गुप्ता सहित तीन लोगों ने उसे जबरजस्ती जंगल में ले जाकर उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

शिकायत पर पुलिस से मदद न मिलने पर पीड़िता ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। पीड़िता ने बताया कि न्यायालय के आरोप पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन आज तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आरोप है कि आरोपी तरह-तरह की धमकी देते हुए उसका पीछा कर रहे हैं।