Chandauli News: राजधानी एक्सप्रेस में शराब के नशे में चूर यात्री ने महिलाओं के सामने की अश्लील हरकत, पूर्व मेयर ने एक्स पर की शिकायत.

Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर।
चंदौली। भारतीय रेल में लाख कोशिशों के बावजूद ट्रेनों में महिलाओं के साथ छेड़खानी, चोरी-छिनैती, शराब, कछुआ, सोना-चांदी, हेरोइन, गांजा की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। जिससे रेल से सुरक्षित यात्रा करना राम भरोसे हो गया है। इसी क्रम में 12313 अप सियालदह राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में शराब के नशे में चूर एक यात्री ने महिला सहयात्रियों के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। कोच संख्या ए-1 सीट नंबर 52 पर बैठे सोमेन राणा नामक यात्री ने अर्ध नग्न अवस्था में महिला यात्रियों को परेशान किया।

यात्रा कर रहे धनबाद के पूर्व मेयर चंद्र शेखर अग्रवाल ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया। उन्होंने लिखा है कि 12313 अप सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में सोमेन राणा नामक यात्री अर्धनग्न अवस्था में पाया गया, जो कोच में अश्लील हरकतें और गाली-गलौज कर रहा था। महिला यात्रियों ने बताया कि आरोपी यात्री लगातार अश्लील आवाजें निकाल रहा था। इसका विरोध करने पर वह गालियां देता रहा। जब महिलाओं ने पर्दा हटाकर उसे टोका, तब उसने अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। जिससे परेशान होकर यात्रियों ने ट्रेन अधीक्षक को लिखित शिकायत दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

घटना के चलते पूरे कोच में हंगामे जैसी स्थिति पैदा हो गई। अन्य यात्री भी असहज महसूस करने लगे। महिला यात्रियों ने ट्रेन में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और रेलवे से तत्काल कदम उठाने की अपील की। यह मामला इस ओर इशारा करता है कि देश की प्रमुख ट्रेनों में भी महिला यात्रियों की सुरक्षा अब भी एक गंभीर मुद्दा बना हुआ है। पूर्व मेयर द्वारा इस घटना को सार्वजनिक किए जाने के बाद रेलवे प्रशासन पर अब इस मामले में त्वरित कार्रवाई का दबाव है।