Chandauli News: शराब की दुकान खोले जाने को लेकर महिलाओं ने जताया विरोध.

Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा।
दौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के चतुर्भुजपुर गांव स्थित अंग्रेजी और बियर की कंपोजिट दुकान खोले जाने को लेकर महिलाओं में आक्रोश है। सोमवार को महिलाओं ने सड़क पर उतरकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराबी शराब पीकर फब्तियां कस रहे हैं और बच्चे नशे के आदि हो रहे हैं। ऐसे में यहां से शराब की दुकान कहीं और ले जाया जाए। चतुर्भुजपुर में अंग्रेजी और बियर की कंपोजिट दुकान खुली है। यह दुकान चतुर्भुजपुर, तुलसी आश्रम मार्ग पर चल रही है। सोमवार को महिलाएं इस दुकान के विरोध में उतर आईं।

इनका कहना था कि शराब की दुकान इधर खुल जाने से लड़कियों और महिलाओं का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। शराबी शराब के नशे में धुत होकर अनाप-शनाप बोल रहे हैं। शिकायत के बाद भी अधिकारी अनजान बने हुए हैं। शराबी आसपास के लोगों से गाली-गलौच से भी बाज नहीं आ रहे हैं। चेताया कि जब तक शराब की दुकान हटाई नहीं जाती तब तक धरना प्रदर्शन चलता रहेगा। इस संबंध में पूछे जाने पर सकलडीहा आबकारी निरीक्षक दीपक ओझा ने बताया कि दुकान मानक के अनुसार खुली है। लिहाजा इसमें परिवर्तन संभव नहीं है। धरना प्रदर्शन में ग्राम प्रधान अरविंद यादव, सन्नी गुप्ता, पन्ना देवी, सरिता देवी, यशोदा, बिन्दा, रामवंती देवी, गीता देवी, मुन्नी देवी, मालती, मेनका देवी, सुनीता देवी, बिन्दा देवी, राधिका, सरिता यादव, सरोज देवी, बृजबिहारी, सुशीला, चिंता, बिक्षित सहित अन्य महिलाएं और पुरुष रहे।