Chandauli News: पति के मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई पत्नी, पत्नी की भी हुई मौत.

Story By: बरिस्टर यादव, कंदवा।
चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां पति के मौत का सदमा पत्नी बर्दाश्त नहीं कर पायी। पति के मौत के चंद मिनट बाद ही पत्नी ने भी पति के वियोग में अपने प्राण त्याग दिया। पति-पत्नी की मौत से परिजन मर्माहत हैं। शनिवार को घर से दो-दो अर्थी एक साथ निकली। जमानियां घाट पर दोनों का अंतिम संस्कार हुआ। मुखाग्नि पौत्र चंदन द्वारा दिया गया। पति पत्नी में अगाध प्रेम था दोनों को मौत भी अलग नहीं कर पाई। जानकारी के अनुसार बरहनी गांव निवासी सदा की शादी गाज़ीपुर जिले के ज़मानिया थाना क्षेत्र के धुस्का निवासी बूटन की पुत्री आशा के साथ हुई थी। बूटन को कोई पुत्र नहीं था, ऐसे में वह पत्नी संग इकलौती पुत्री आशा के साथ बरहनी ही रह रहे थे। बीती रात 65 वर्षीय बूटन की तबियत बिगड़ गयी। जिस पर परिजनों द्वारा इलाज के लिए निजी चिकित्सक को बुलाया गया। चिकित्सक ने बूटन के मौत की जैसे ही पुष्टि की, पास में मौजूद उनकी पत्नी 60 वर्षीय जिवुतिया यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पायी और मौके पर ही उसकी भी मौत हो गयी। पति-पत्नी की एक साथ हुई मौत से हर कोई हैरान था। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग दंपती में एक-दूसरे के प्रति प्यार और आदर का भाव था, ऐसे में पत्नी पति की मौत का दुख झेल नहीं पायी, इसलिए उसकी भी मौत हो गयी।