Chandauli News: अचानक गंगा घाट पर मची अफरा-तफरी, चीता पर रखी महिला के शव को पुलिस ने लिया कब्जे में, विवाहिता की हत्या का आरोप.
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क।
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के भोगवारे गांव में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता का फांसी के फंदे से झूलता शव मिलने से सनसनी फैल गई। ससुराल पक्ष के लोगों ने बिना मायके पक्ष के लोगों और पुलिस को बिना सूचना दिए ही अंतिम संस्कार करने के लिए कैली गंगा घाट पहुंच गए।
जानकारी होने पर मायके पक्ष के लोग गंगा घाट पहुंच गए और डायल 112 पुलिस को कुछ सूचना देकर मौके पर बुला लिया। विवाहिता के गले में निशान देखकर तत्काल मुगलसराय पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची मुगलसराय पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और आवश्यक कार्य में जुट गई।
जानकारी के अनुसार अलीनगर थाना क्षेत्र के तारापुर गांव निवासी मेवालाल की 30 वर्षीय पुत्री रितु की शादी 2021 में भोगवार गांव निवासी जयप्रकाश से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। शुक्रवार को जयप्रकाश मजदूरी करने मुगलसराय चला गया। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली थी। जानकारी होने पर पति भी घर पहुंच गया।
मायके पक्ष के लोगों को बिना बताए ही अंतिम संस्कार करने के लिए ससुराल पक्ष के लोगों ने अलीनगर थाना क्षेत्र के कैली गंगा घाट पहुंच गए। लेकिन चिता पर रखे मृतक विवाहिता के गर्दन में फंदे का निशान देख डोम चिता में आग नहीं दे रहे थे। इसी दौरान जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी कैली गंगा घाट पहुंचे। मायके पक्ष के लोग विवाहिता का शव देखकर हंगामा करने लगे।
इस दौरान डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई, मौके पर पुलिस भी पहुंची। शोर शराबा सुनकर मौके पर आसपास के लोगों की काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। लगभग एक घंटे चली पंचायत के बाद भी मामला नहीं सुलझा तो मायके पक्ष के सूचना पर मौके पर पहुंची मुगलसराय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इस संबंध में सीओ पीडीडीयु नगर आशुतोष ने बताया कि पुलिस ने विवाहिता के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मुगलसराय पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है।