Chandauli News: इलाज के दौरान घायल राजगीर मिस्त्री की मौत से परिजनों में मचा कोहराम.
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा।
चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के समीप शुक्रवार की देर शाम पीकअप के धक्के से बाइक सवार 50 वर्षीय एक राजगीर मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण और पुलिस की मदद से परिजनों ने सीएचसी से जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, पीकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, सलेमपुर गांव निवासी 50 वर्षीय पिंटू चौहान राजगीर मिस्त्री थे। वह शुक्रवार की देर शाम सकलडीहा बाजार से बाइक लेकर घर सलेमपुर जा रहे थे। जैसे ही वह सकलडीहा, धानापुर मार्ग पर विशुनपुरा हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, कमालपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही पीकअप मैजिक ने सामने से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे राजगीर मिस्त्री गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। सिर में गंभीर चोट होने के कारण काफी खून निकल रहा था। राहगीरों और आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से तुरंत सकलडीहा सीएचसी पहुंचाया। जहां जांच और प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय फिर ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान राजगीर मिस्त्री की मौत हो गई। राजगीर मिस्त्री की मौत से पत्नी उषा, बेटा किशन सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बलुआ घाट पर देर शाम को अंतिम संस्कार किया गया। इस बाबत सकलडीहा कोतवाल हरिनारायण पटेल ने बताया कि राजगीर मिस्त्री की इलाज के दौरान मौत हो गई है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।