Chandauli News: सपा विधायक ने कहा औघड़ संत महात्माओं के दर्शन मात्र से संकट होते हैं दूर.
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा।
चंदौली। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के चतुर्भुजपुर स्थित औघड़ संत डगरिया सरकार की 21वीं पुण्यतिथि धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर अखंड रामायण और भजन कीर्तन के सांस्कृतिक कार्यक्रम और भंडारा का आयोजन किया गया। अंत में जरूरतमंद गरीबों को आयोजकों की ओर से कंबल वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सकलडीहा सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि औघड़ संत महात्मा के दर्शन मात्र से सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। संत डगरिया सरकार के आशीर्वाद से हजारों लोगों का कल्याण हुआ है। आज भी औघड़ संत में वर्षों से जल रही धूनी की राख लोग प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं। जिसके मात्र स्पर्श से सारे संकट दूर हो जाते हैं। वहीं भाजपा नेता विवेक कैलाश यादव ने कहा कि संतों के आशीर्वाद से जीवन का कल्याण और सुखमय हो जाता है।
इसके पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मुरारी यादव चाखन यादव की ओर से आश्रम में आए हुए अतिथियों को अंगवस्त्र और मालाफूल से सम्मानित किया गया। अंत में अखंड भजन कीर्तन के समापन के बाद भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर महंत मंशा गिरी, सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, रामउजागिर गोंड, चाखन यादव, बृजेश बरेली, महेन्द्र राजभर पुनवासी यादव, अंशिका कुशवाहा, देवनाथ यादव, सतेन्द्र यादव, राकेश, जोगी सहित अन्य मौजूद रहे।