Chandauli News: धान में जहर डालने से दर्जनों बत्तखों की मौत.

Story By: फरीद अहमद, कमालपुर।
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के पिपरी रजवाहा में शुक्रवार को धान में जहर मिलाकर देने से दर्जनों बत्तखें मर गईं। भुक्तभोगी द्वारा नामजद प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। गौसपुर निवासी पूर्व प्रधान पंचम सोनकर अपने पुत्र के साथ पसाई ताल में बत्तख चराता था और वहीं बत्तखों को रखता था। पसाई ड्रेन में पानी होने की वजह से बत्तखें पानी में भी चरा करती थीं। यह बात धानापुर निवासी मुकेश बहेलिया को नागवार लगती थी, क्योंकि वह पसाई ड्रेन में सिंघाड़े की नर्सरी डाल चुका था। सिंघाड़े की नर्सरी को नुकसान न हो, इसके लिए रणनीति के तहत उसने धान में जहरीला पदार्थ मिलाकर फेंक दिया था।

जिसे खाकर बासठ बत्तखें काल के गाल समा गईं। इससे बत्तख मालिक की कमर ही टूट गई। उसने ₹400 प्रति बत्तख के हिसाब से बत्तख खरीदी थी। अधिकांश अंडा देने वाली बत्तखें थीं। बत्तख का अंडा बाजार में ₹12 का बिकता है। रोते-भागते बत्तख मालिक धीना थाने पर पहुंचा और इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में धीना थानाध्यक्ष रमेश यादव ने कहा कि लिखित शिकायत मिली है, मुकेश बहेलिया फरार है, उसे पकड़ लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।