Chandauli News: अचानक विवाह मंडप में पहुंची महिला ने दूल्हे पर लगाए सनसनीखेज आरोप, पुलिस ने दूल्हे को शादी के मंडप से उठाया.

Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क।
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के शिवपुर (पपौरा) गांव में बुधवार की देर रात को बारात में उस समय हड़कंप मच गया जब दूल्हे की रिश्ते में चाची लगने वाली महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाते हुए चार वर्ष के बच्चे की मां बताकर शादी को रुकवा दिया। पुलिस ने दूल्हे को गिरफ्तार कर मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया। दूल्हा पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर तैनात है।

सकलडीहा थाना क्षेत्र के पदुमनाथपुर से बारात शिवपुर में आई थी। बारात में खुशियों का माहौल था। जयमाल की रस्म पूरी होने के बाद मंडप में सिंदूरदान की तैयारी चल रही थी। अचानक पुलिस के साथ महिला विवाह मंडप में पहुंची और दूल्हे पर गंभीर आरोप लगा दिया। रिश्ते में चाची लगने वाली महिला निर्मला देवी ने दावा किया है कि उसका दूल्हे अंगद राय के साथ कई वर्षों से अवैध संबंध था और उन्हीं के रिश्ते से एक चार वर्षीय पुत्र भी है।

निर्मला देवी ने धानापुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि अंगद ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया और अब दूसरी लड़की से विवाह करने जा रहा है। महिला ने जैसे ही यह आरोप सार्वजनिक रूप से लगाए, पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंच कर दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी दूल्हा अंगद राय पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर तैनात है और उसे अपने पिता की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली थी। बारात में शामिल लोग उस समय हैरान रह गए जब दूल्हे की गिरफ्तारी की खबर फैली।

विवाह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। इस संबंध में सीओ सकलडीहा रघुराज ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता निर्मला देवी की तहरीर के आधार पर आरोपी अंगद राय के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में 10 वर्ष से अधिक की सजा की संभावनाएं हैं। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।