Chandauli News: पुलिस लाइन में एसपी सहित पुलिस अधिकारियों ने शहीद दुर्गेश कुमार सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी.

Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क।
चंदौली। पुलिस लाइन चंदौली में शहीद मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चंदौली आदित्य लांग्हे, सभी सीओ व अन्य पुलिस अधिकारीगण, पुलिसकर्मी व परिजन उपस्थित रहे। अधिकारियों व परिजनों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके अदम्य साहस को नमन किया।

जौनपुर के चंदवक थाने पर नियुक्त मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उकनी वीरमराय के निवासी थे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने शहीद के परिजनों से बात की और उन्हें ढांढस बढ़ाया। पुलिस लाइन से शहीद के शव को एसपी और सीओ सकलडीहा ने कंधा दिया। शहीद के शव को पुलिस वाहन से उनके पैतृक गांव भेजा गया।

शनिवार की देर रात जौनपुर जिले के थाना चंदवक पर तैनात मुख्य आरक्षी दुर्गेश कुमार सिंह बदमाशों की घेरेबंदी करने वाली टीम में शामिल थे। कार्रवाई के दौरान पिकअप वाहन और पिकअप में बैठे पशु तस्करों द्वारा पुलिस की टीम और वहां मौजूद आम जनता पर जानलेवा हमला करते हुए पुलिस की घेरेबंदी से निकलने का प्रयास किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात मुख्य आरक्षी दुर्गेश सिंह के द्वारा अदम्य साहस का परिचय देते हुए जनसामान्य व पुलिस टीम की जान को बचाने के लिए और पशु तस्करों की गिरफ्तारी का प्रयास किया गया।

पशु तस्करों ने दुर्गेश सिंह पर जानलेवा तरीके से हमला करते हुए पिकअप चढ़ा दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल दुर्गेश सिंह को उपचार हेतु तत्काल ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाया गया, जहां पर इलाज के दौरान उनकी असामयिक दुखद मौत हो गई।