Chandauli News: सरसों के खेत में युवक का शव मिलने से सनसनी, मृतक की नहीं हो पाई पहचान, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस.

Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क।
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नेगुरा गांव के सिवान में सरसों के खेत में 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मृतक की पहचान करने में जुट गई। जानकारी के अनुसार धानापुर थाना क्षेत्र के नेगुरा गांव के सिवान में गुरुवार की शाम लगभग चार बजे किसान तारकेश्वर सिंह अपने सरसों के खेत की निगरानी करने गए। इस बीच खेत में एक युवक के शव पर नजर पड़ी। नजारा देख किसान तारकेश्वर सिंह सन्न रह गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना धानापुर पुलिस को दी। सूचना पाते ही धानापुर थाने पर तैनात दरोगा राजकुमार सैनी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव के निरीक्षण के बाद मौके पर इकट्ठा ग्रामीणों से शव की पहचान कराई गई। लेकिन शव की पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और शव की पहचान करने में जुट गई। इस संबंध में धानापुर थाना प्रभारी महेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि अभी तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। शव की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।