Sonbhadra News : जिले में एक बार फिर बदला मौसम का मिजाज, फसल को लेकर किसान चिंतित.

Story By: कन्हैया लाल यादव, सोनभद्र।
सोनभद्र।
जिले में दो-तीन दिन से लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। अचानक बदले मौसम की वजह से पारा बढ़ने से गर्मी बढ़ जा रही है तो आज मौसम ने एक बार फिर करवट लिया, सुबह से रुक-रुककर तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश ने तापमान गिरा दिया है। तापमान गिरने से लोगों को गर्मी से निजात मिली है तो मौसम के अप्रत्याशित बदलाव से फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।

किसानों के लिए यह स्थिति काफी चिंताजनक हो गई है क्योंकि गेंहू, सरसों और सब्जियों की फसल कटाई के लिए तैयार थी। कई किसानों ने तो गेहूँ की फसल काट ली थी लेकिन खेत में फसल पड़े रहने की वजह से हुई बारिश ने किसानों का नुकसान में डाल दिया। मौसम विभाग ने बताया कि इस अचानक बदले मौसम का कारण पश्चिमी विक्षोभ है, जिसकी वजह से तेज हवाएं भी चल रही हैं। कई क्षेत्रों में 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं, जिससे कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं।

बारिश ने कई इलाकों में बिजली की स्थिति को गंभीर कर दिया, गिरे पोल और फाल्ट की वज़ह से कई क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति भी घंटों बाधित रही। बारिश से गेहूं, सरसों और सब्जियों की फसलों को खासा नुकसान हुआ है। किसानों का कहना है कि फसलें लगभग तैयार थीं, लेकिन बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कई जिलों में दिन का तापमान 4-5 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। आने वाले दिनों में भी अधिकतम तापमान 26-28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।