Chandauli News: किसानों ने धान की खरीद में लगाया अनियमितता का आरोप, बोले क्रय केंद्रों पर है बिचौलियों का बोलबाला.
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा।
चंदौली। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के बथावर स्थित धान क्रय केंद्र पर धान खरीद में भारी अनियमितता हो रही है। किसानों का आरोप है कि क्रय केंद्र प्रभारी बिचौलियों से साठगांठ कर बड़े पैमाने पर घपलेबाजी कर रहे हैं। नम्बर लगाने के बाद भी किसानों का धान खरीद नहीं हो रही है। इन लोगों ने बथरा केंद्र प्रभारी के क्रियाकलापों की जांच की मांग की है। शासन किसानों के धान खरीद को लेकर लगातार कवायद में जुटी है। यही कारण है कि क्षेत्र में विभिन्न एजेंसियों के क्रय केंद्र खोले गए हैं। जहां शासन से निर्धारित कीमत 2320 रुपये प्रति कुंतल लेना है। किसानों का आरोप है कि बथावर क्रय केंद्र पर धान डंप होने का बहाना बनाकर किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। जबकि सुबह से बिचौलियों के द्वारा लाए गए लोगों का अंगूठा लगाया जा रहा है। कहा कि अगर खरीद धान का स्टॉक और अभी तक अंगूठा लगाए धान का मिलान किया जाए तो स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि कितना बड़ा घालमेल हो रहा है। आरोप लगाया कि बिचौलियों से प्रति कुंतल 50 से 100 रुपये लेकर मिलर बथावर क्रय केंद्र पर अंगूठा लगा रहे है। किसान बीएल सिंह, राजेन्द्र सिंह, राकेश सिंह, अरबिंद यादव ने बताया कि क्रय केंद्र पर धान खरीद की जांच की मांग की है। इस संबंध में सकलडीहा एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि शिकायत की जांच की जाएगी और दोषी मिलने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी।