Chandauli Video: राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा विभिन्न क्षेत्रों में निर्यात कर देश-विदेश में उत्तर प्रदेश ने हासिल किया है शीर्ष स्थान.

Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क।
चंदौली। जनपद के महेंद्र टेक्निकल कालेज परिसर में 76वाँ गणतंत्र दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग रवीन्द्र जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्यमंत्री ने ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान कर उपस्थित लोगों को भारत के प्रस्तावना की शपथ दिलाई।
राज्यमंत्री ने पुलिस विभाग द्वारा आयोजित परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने पैंथर दस्ता, कमांडो दस्ता, रेडियो शाखा, यूपी 112, एंटी रोमियो, फायर ब्रिगेड, बाल विवाह रोकथाम, स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित महाकुंभ-2025 सहित अन्य विभिन्न विभागों की झाकियों को देखा एवं सराहा।

राज्यमंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने अपने संबोधन के दौरान जनपद एवं देश के सभी नागरिकों को 76वाँ गणतंत्र दिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हम आज के दिन उन सभी वीर सपूतों को नमन करते हैं, जिन्होंने आजादी में अहम योगदान दिया। साथ ही आज उनके विचारधाराओं पर चलने का संकल्प लेते हैं।

यह धरती वीरों की धरती रही है। आज भारत का आम नागरिक भी राष्ट्र के प्रति समर्पित है। उन्होंने कहा कि हर देश से भारत देश का संविधान सबसे बड़ा ग्रंथ है। देश की जनता तय करती है कि देश प्रदेश में कैसी सरकार चाहिए। इस देश में किसी की हुकूमत नहीं चलती, बल्कि जनता जिसको चाहती है, उसे चुनती है।

उन्होंने कहा कि संविधान से अलग होकर कोई भी कार्य करता है, चाहे वह मंत्री हो या कोई अधिकारी हो या कोई आमजन हो, उसे सजा देने के लिए न्यायपालिका तत्काल आवश्यक कदम उठाती है और उसे सजा देती है। राज्यमंत्री ने कोरोना काल का जिक्र करते हुए कहा कि जब पूरा देश इस महामारी से जूझ रहा था, पूरा विश्व वैक्सीन बनाने में लगा हुआ था।

उस समय हमारे देश के अनुभवी चिकित्सकों/वैज्ञानिकों की टीम पीएम मोदी के नेतृत्व में बेहतर प्रदर्शन दिखाते हुए कोविड-19 वैक्सीन का सफल परीक्षण कर उसे विभिन्न देशों में निशुल्क भेजकर आम जन की सुरक्षा की। सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय को संकल्पित मोदी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है।

इसके अलावा प्रधानमंत्री जी की अगुवाई में हर क्षेत्र में तेजी से विकास के पथ पर हमारा देश अग्रसर हो रहा है। आज उत्तर प्रदेश दुग्ध उत्पादन में नंबर वन पर है। इसके अलावा गन्ना उत्पादन, चीनी उत्पादन, सब्जी उत्पादन, तरबूज फल उत्पादन में भी उत्तर प्रदेश नंबर वन पर है। साथ ही उत्तर प्रदेश अधिक अनाज उत्पादन कर दूसरे देशों में भी निर्यात कर रहा है।

प्रदेश के किसानों की अथक मेहनत से देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश शीर्ष स्थान पर बना है। राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल द्वारा कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा गीत, संगीत एवं नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान जनपद न्यायाधीश, राज्य सभा सांसद साधना सिंह, जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे, पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हे, जनप्रतिनिधिगण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजन और अन्य जनमानस उपस्थित रहे।