Chandauli News: लापता मासूम का गांव के कुएं में मिला शव, एकलौते बेटे की मौत से सदमे में माँ, रो-रो कर बुरा हाल.

Story By: गोविंद केसरी, चकिया तहसील।
चंदौली। इलिया थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव निवासी 6 वर्षीय आरुष का शव बुधवार की सुबह 9 बजे गांव के कुएं से बरामद हुआ। मासूम का शव कुएं में मिलने की सूचना पर परिजनों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल रहा।

जानकारी के अनुसार मजदूर सरोज कुमार का पुत्र आरुष मंगलवार की शाम 5 बजे से घर लापता था। बेटे के गायब होने के बाद मां संजू देवी तथा गांव के लोगों ने मंगलवार की देर शाम तक उसकी काफी खोजबीन की, मगर उसका कहीं पता न चलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची इलिया थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने लापता बालक की खोजबीन में काफी प्रयास किया। यहां तक कि पूरे गांव की घर-घर की तलाशी ली गई। शक के आधार पर गांव के कुएं में कटिया डालकर खोजने का प्रयास किया गया तो कटिया के सहारे बालक का शव बरामद हुआ। इकलौते पुत्र का शव मिलने के बाद मां संजू देवी रोते-रोते बेहोश हो जा रही थी।

वहीं मुंबई के एक फैक्ट्री में मजदूरी करने गए पिता सरोज कुमार को बेटे की मौत की खबर मिलते ही वह वहां से ट्रेन द्वारा रवाना हो गए हैं। सरोज कुमार को एक 8 वर्षीय बेटी और एकलौता पुत्र आरुष था। जिसकी मौत के बाद मां संजू देवी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। वहीं हर किसी की आंखों में आंसू भरे हुए थे। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। इस संबंध में इलिया थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह ने बताया कि बालक की मौत के मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को कब्जे में लेकर पीएम हेतु भेज दिया गया है।