Chandauli News: बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में छत से गिरी महिला, अस्पताल जाते समय रास्ते में हुई मौत.

Story By: अजीत जायसवाल, बबुरी।
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के परनपुरा गांव में बुधवार की देर शाम बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में 65 वर्षीय महिला की छत से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, परनपुरा गांव निवासी हरिचंद्र की पत्नी 65 वर्षीय भागमनी देवी बुधवार की दोपहर अपने घर की छत पर सरसों सुखाने के लिए डालकर आई थीं। देर शाम जब सरसों को समेटने के लिए छत पर गईं, तभी बंदरों का एक झुंड अचानक भागमनी देवी पर हमला करने लगा। जान बचाने के लिए भागने के दौरान सरसों पर पैर फिसल गया और भागमनी देवी असंतुलित होकर छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की मानें तो गांव में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कई बार ये बंदर घरों में घुसकर सामान को नुकसान पहुंचाते हैं और लोगों पर हमला कर देते हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बंदरों के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की है।