Chandauli News: डीडीयू रेल मंडल के नए डीआरएम होंगे उदय सिंह मीना, सीबीआई कार्रवाई के बाद रेल मंत्रालय ने राजेश गुप्ता को हटाया.

Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर।
चंदौली। डीडीयू रेल मंडल के नए डीआरएम उदय सिंह मीना होंगे। वर्तमान में तैनात डीआरएम राजेश गुप्ता का शनिवार को स्थानांतरण कर दिया गया। शनिवार की देर शाम रेलवे बोर्ड की ओर से इस संबंध में आदेश पत्र जारी किया गया। इसके तहत पूर्व मध्य रेलवे में पीडीडीयू मंडल के साथ धनबाद मंडल के डीआरएम का स्थानांतरण किया गया है। आपको बता दें, 10 मार्च 2023 को पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल में राजेश पांडेय के स्थान पर राजेश गुप्ता ने नए डीआरएम के रूप में पदभार ग्रहण किया था। राजेश गुप्ता का कार्यकाल अच्छा रहा। प्रयागराज महाकुंभ में भीड़ को व्यवस्थित करने में डीआरएम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि चार मार्च को सीबीआई ने छापेमारी की। यहां तीन वरिष्ठ मंडलीय अधिकारियों और लोको पायलट सहित 26 लोगों की पैसे लेते हुए गिरफ्तारी हुई। इसके बाद से लगातार स्थानांतरण का दौर चल रहा है।

हालांकि डीआरएम राजेश गुप्ता का कार्यकाल पूरा हो चुका था और स्थानांतरण की चर्चा हो रही थी। इस बीच शनिवार को डीआरएम के स्थानांतरण की सूची आ गई। नए आदेश के तहत पीडीडीयू मंडल में राजेश गुप्ता की जगह उदय सिंह मीना को डीआरएम बनाया गया है। उदय सिंह मीना भारतीय रेलवे में आईआरएसएमई (भारतीय रेलवे मैकेनिकल इंजीनियर्स सेवा) के एक वरिष्ठ अधिकारी हैं। वह 1995 से भारतीय रेल की सेवा में हैं। रेलवे में विभिन्न पदों पर सेवा देने के अतिरिक्त उन्होंने केंद्र सरकार में डिपार्टमेंट फॉर प्रमोशन ऑफ इंडस्ट्री एंड इंटरनल ट्रेड में निदेशक के रूप में प्रतिनियुक्ति पर भी कार्य किया है।