Chandauli News: बहन के घर में आए भाई का संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला शव, माँ ने बेटी और दामाद पर लगाया हत्या का आरोप.

Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर।
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हरिशंकरपुर इलाके में अपनी बहन के घर मां के साथ आए 14 साल के लकी का शव पंखे के हुक से लटका हुआ मिला। इसकी जानकारी परिजनों को होने पर कोहराम मच गया। किशोर की मां ने अपनी बेटी और उसके प्रेमी पर पुत्र की हत्या करने का आरोप लगाया है और जमकर हंगामा किया। सूचना पर मौके पर पुलिस अधीक्षक और फोरेंसिक टीम भी पहुंची और मौका मुआयना किया। वहीं मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र के लेढ़ूपुर निवासिनी फातिमा की शादी 22 वर्ष पूर्व विरु के साथ हुई थी। बीरु से फातिमा को दो बेटियां और एक बेटा हुआ। तेरह वर्ष पूर्व उसके पति की मौत हो गई। पति की मौत के बाद वह अपने देवर मूसे से शादी कर ली। देवर से उसे पांच बच्चे हुए। वहीं बेटी खुशी ने पांच वर्ष पूर्व हरिशंकरपुर में जमीन खरीदकर मकान बनवाया था। उस मकान में मां के साथ ही पूरे परिवार के लोग रहने लगे।

एक वर्ष पूर्व बेटी से लड़ाई कर फातिमा पूरे बच्चों को साथ लेकर वाराणसी के आशापुर में रहने लगी। परिजनों ने बताया कि बुधवार की दोपहर में मां फातिमा के साथ लकी और पूरे बच्चे बहन के यहां आए हुए थे। गुरुवार की दोपहर में मकान के हाल में पंखे से लटका शव नाबालिग लड़के का बरामद हुआ। फातिमा ने रोते हुए बताया कि वह अपने बच्चों के लिए दूसरी मंजिल पर खाना बना रही थीं।

उसी समय बेटी खुशी ने फोन कर घर से निकलने के लिए कहने लगीं। वहीं बगल का लड़का सतीश मकान की चाबी मांगने आया था। मेरे बेटे ने फांसी नहीं लगाई है, उसकी हत्या हुई है। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हें और सीओ आशुतोष मौके पर पहुंच गए। इस दौरान मुगलसराय कोतवाल विजय बहादुर सिंह को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक की मां अपनी बेटी और दामाद पर बेटे की हत्या का आरोप लगा रही है। शव का पंचायतनामा कराकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की बहन और बहनोई को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या का कारण स्पष्ट हो पाएगा।