Sonbhadra News: आबाडी क्षेत्र में चलाया गया सफाई अभियान, पर्यटन स्थल प्रकृति का अनमोल उपहार है- सीडीओ

Story By: चंदन कुमार, चोपन।
सोनभद्र।
जिले में प्लास्टिक मुक्त अभियान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी के नेतृत्व में लगातार चलाई जा रही है। इसी के तहत विकास खंड चोपन के अंतर्गत आने वाले आबाडी क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। जहां से 200 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया। मिनी गोवा के नाम से प्रसिद्ध आबाडी क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त करने की कवायद को लोगों ने सराहा।

बता दे कि मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी के नेतृत्व में पूरे क्षेत्र को चार भागों में बांटा गया। अवस्थी ने एक भाग की जिम्मेदारी स्वयं संभाली, जबकि अन्य भागों की जिम्मेदारी दूसरे अधिकारियों को सौंपी गई। पिकनिक स्पॉट से प्लास्टिक और कूड़े को एकत्र किया गया और उसे डिस्पोज किया गया। इस दौरान सीडीओ ने बच्चों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पर्यटन स्थल प्रकृति का अनमोल उपहार है।

उन्होंने कहा कि आने वाले पर्यटकों को साफ-सुथरा स्थल मिलना चाहिए। साथ ही पर्यटकों से अपील की गई कि वे अपना कचरा कूड़ेदान में ही डालें। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने कार्यक्षेत्र को स्वच्छ रखें और लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा जनपद के सभी सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों को चरणबद्ध तरीके से प्लास्टिक मुक्त किया जाएगा। ग्राम पंचायत में स्थापित आरआरसी के माध्यम से कचरे का निस्तारण किया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि अभी शुरुआत है बहुत से ग्राम पंचायतें भी अपने ग्राम पंचायत को साफ कर रही हैं तथा लोगों को जागरुक भी कर रही है कि लोग कूड़ा एवं प्लास्टिक यहां वहां ना फेंके। जनपद में चल रहा प्लास्टिक मुक्त अभियान अभियान एक अनूठा अभियान है। आज सोशल मीडिया भी लोगों को जागरूक करने एवं हमारे किए गए कार्य और संदेश को लोगों तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बन गया है।

जनपद में चल रहे प्लास्टिक मुक्त अभियान को सोशल मीडिया के द्वारा लोगों तक जन तक पहुंचाने एवं प्लास्टिक इकट्ठा करने के लिए बोरी को प्रमोट किए जाने पर सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर प्रतीक्षा जायसवाल एवं विजय कुमार को उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रमाण पत्र दे कर सम्मानित किया गया।