Chandauli News: दो सप्ताह बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा हुआ दर्ज, काम पर लौटे लेखपाल, अवैध खनन रोकने पर लेखपाल को मिली थी धमकी.

Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा।
चंदौली। सकलडीहा तहसील क्षेत्र के हेतमपुर में कार्यरत लेखपाल विजय कुमार जायसवाल की ओर से बीते दिनों मिट्टी की अवैध खनन रोकने पर एक व्यक्ति की ओर से मोबाइल पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई थी। जिसे लेकर लेखपाल की ओर से धानापुर थाने में लिखित तहरीर दी गई थी। दो सप्ताह बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होने पर लेखपाल दो दिनों से कार्य बहिष्कार कर धरना दे रहे थे। बुधवार की देर शाम मुकदमा दर्ज होने पर लेखपाल संघ ने धरना प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा करते हुए काम पर लौट गए। लेखपाल संघ ने शीघ्र ही आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।

बता दें कि हेतमपुर में बीते 15 मई को खनन हो रहा था। इसकी सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल विजय कुमार जायसवाल ने मौके पर जाकर काम रोकवा दिया और जेसीबी का फोटो खींच लिया। लेखपाल का आरोप था कि इससे बौखलाए इकबालपुर के प्रदीप सिंह ने फोन पर गाली-गलौज देते हुए मारने की धमकी दी। इस पर विजय जायसवाल ने यह जानकारी अपने संगठन को दी।

संगठन के लोगों ने धानापुर थाना पर तहरीर दी, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। इस पर लेखपाल संघ सकलडीहा तहसील परिसर में मंगलवार से कार्य बहिष्कार कर धरना पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने लगा। लेखपालों के आंदोलन से दबाव में आई पुलिस ने बुधवार की शाम को इकबालपुर निवासी प्रदीप सिंह पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद लेखपाल काम पर लौट आए। लेखपालों के काम पर लौटने से ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिली है।