Chandauli News: पेड़ों की कटाई के दौरान सड़क पर गिरा पेड़, घंटों बाधित रहा यातायात, राहगीरों को हुई काफी परेशानी.
Story By: अजीत जायसवाल, बबुरी।
चंदौली। मुग़लसराय से बबुरी सड़क चौड़ीकरण के तहत पेड़ों की कटाई का कार्य चल रहा है, लेकिन यह प्रक्रिया ग्रामीणों और यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन रही है। बबुरी-पांडेपुर मार्ग पर कटाई के दौरान अचानक एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जब पेड़ों की कटाई का कार्य चल रहा था, बिना उचित सुरक्षा उपायों और यातायात नियंत्रण के पेड़ गिरने से दोनों ओर का यातायात घंटों तक बाधित रहा। राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू तो कर दिया है, लेकिन यातायात प्रबंधन की कोई व्यवस्था नहीं की गई। पेड़ों की कटाई के दौरान मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करना चाहिए था या वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करनी चाहिए थी। जाम में फंसे यात्रियों ने इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताई। जाम में फंसे कई यात्रियों ने बताया कि हमने इस मार्ग पर आने से पहले ऐसी समस्या की उम्मीद नहीं की थी। इस व्यवस्था ने हमारे समय और ऊर्जा दोनों को बर्बाद किया।