Chandauli News: पुलिया निर्माण में हीला हवाली पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ किसानों ने भरी हुंकार, एसडीएम कार्यालय पर किया प्रदर्शन.
Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा।
चंदौली। सकलडीहा तहसील क्षेत्र टिमिलपुर स्थित चंदा पुलिया निर्माण में कार्यदायी संस्था की ओर से हो रही हीला हवाली को लेकर किसानों में आक्रोश है। शनिवार को किसानों ने कांग्रेस प्रदेश महासचिव देवेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना दिया। अधिकारियों की ओर से शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन देने पर किसानों ने पत्रक देकर धरना प्रदर्शन समाप्त किया। इस मौके पर किसानों ने कार्यदायी संस्था और पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों ने आरोप लगाया कि टिमिलपुर प्रतीक्षा अस्पताल के समीप चंदा पुलिया के निर्माण कार्य में कार्यदायी संस्था की ओर से हीला हवाली की जा रही है।
सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव के नेतृत्व में बीते दिनों किसानों ने पुलिया के समीप धरना दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारी ने एक सप्ताह में कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव देवेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना के नेतृत्व में किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता देवेन्द्र सिंह मुन्ना ने कहा कि किसानों का धरना शुरू होते ही अधिकारी तहसील से नदारत हो गए। नाले की ऊंचाई और चौड़ाई बढ़ाए नहीं जाने से टिमिलपुरा, तेंदुई, ताजपुर, बथावर, दरियापुर, इब्राहिमपुर, रेवसा, घरचित, सरेहुआ कला व सरेहुआ खुर्द सहित दर्जनों ग्राम सभाओं में जल निकासी की समस्या से किसानों की फसल बर्बाद हो रही है।
इसके बाद भी अधिकारी व कार्यदायी संस्था सिर्फ कोरम पूर्ति कर रहे हैं। आक्रोशित किसानों ने तहसील मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। समस्या का निस्तारण और गरीबों को कंबल वितरण कराने की मांग की। इस बाबत सकलडीहा एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि कार्यदायी संस्था को बताया गया है। शीघ्र समस्या का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर किसान नेता रामअवतार सिंह, मनोज यादव, गोपाल सिंह, रंकज सिंह, फेकू यादव, रामविलास मौर्या, राधेश्याम शुक्ला, विभूति नारायण तिवारी, राधेश्याम शुक्ल सहित अन्य किसान और महिलाएं रहीं।