Chandauli News: 308 पहियों वाले महाकाय ट्रक की रिंग रोड पर अग्निपरीक्षा, पुल पार कराने में जुटी टीमें.
“चंदौली में सोशल मीडिया पर वायरल 308 पहियों वाला महाकाय ट्रक अब वाराणसी-चंदौली रिंग रोड की चुनौती में फंस गया है। करीब 180 टन वजनी विशाल वेसल को लेकर चल रहे ट्रांसपोर्टर को रिंग रोड के पुल से पार कराने के लिए ट्रक कर्मचारियों और एनएचएआई की टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। ट्रक को देखने के लिए आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग भी पहुंच रहे हैं।”
chandauli
8:31 AM, Sep 28, 2026
Share:


रिंग रोड के सर्विस रोड पर खड़ी महा विशालकाय ट्रक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : धर्मेंद्र कुमार, ब्यूरो, चंदौली.
चंदौली। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ 308 पहियों वाला विशालकाय ट्रांसपोर्टर अब वाराणसी की ओर बढ़ने से पहले रिंग रोड की चुनौती से जूझ रहा है। मुगलसराय तहसील क्षेत्र के पचपेड़वा इलाके में करीब 180 टन वजनी विशाल वेसल को लेकर पहुंचे ट्रक को नेशनल हाईवे-19 के डिवाइडर को पार कराकर सर्विस लेन पर लाया गया। इसके बाद अब ट्रांसपोर्टर को सर्विस रोड से रिंग रोड के पुल तक पहुंचाने और पुल पार कर दूसरी तरफ से दोबारा एनएच-19 पर उतारने की कवायद चल रही है। विशाल ट्रक के साथ चल रहे कर्मचारियों के साथ एनएचएआई की टीम भी पूरे रास्ते को लेकर सावधानी से काम कर रही है। रिंग रोड की यह चुनौती पार होने के बाद ही ट्रांसपोर्टर वाराणसी की ओर आगे बढ़ सकेगा।
चंदौली में लगातार तीसरे दिन यह महाकाय ट्रक लोगों के बीच कौतूहल का केंद्र बना हुआ है। ट्रक को देखने के लिए बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच रहे हैं। लोग 308 पहियों वाले ट्रांसपोर्टर और उस पर लदे विशाल वेसल के साथ सेल्फी और रील बना रहे हैं। ट्रक की लंबाई, चौड़ाई और असामान्य आकार को देखकर लोगों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि आखिर इतना भारी और विशाल ट्रांसपोर्टर रिंग रोड के पुल को किस तरह पार करेगा। मौके पर जुटी भीड़ के कारण कर्मचारियों को ट्रांसपोर्टर को आगे बढ़ाने के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि करीब 180 टन वजनी यह विशाल वेसल कुछ सप्ताह पहले बेल्जियम से समुद्र मार्ग के जरिए ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पहुंचा था। इसके बाद इसे 308 पहियों वाले विशेष ट्रांसपोर्टर पर लादकर बलरामपुर ले जाया जा रहा है। रास्ते में चंदौली पहुंचने के बाद इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिसके बाद इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। अब सभी की नजरें रिंग रोड की इस चुनौती पर टिकी हैं कि महाकाय ट्रांसपोर्टर किस तरह पुल को पार कर वाराणसी की ओर अपना सफर आगे बढ़ाता है।



