Chandauli News: ऑटो-टोटो चालकों को यातायात नियमों की सीख, ओवरलोडिंग पर कार्रवाई की चेतावनी.
“यातायात माह के तहत चंदौली में यातायात पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया। चालकों को ओवरलोडिंग, गलत पार्किंग और नाबालिगों से वाहन चलवाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।”
chandauli
9:31 PM, Nov 3, 2026
Share:


ऑटो टोटो चालकों को नियमों की जानकारी देते यातायात निरीक्षक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। यातायात माह के तहत यातायात पुलिस ने शहर में संचालित ऑटो और ई-रिक्शा (टोटो) चालकों के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया। इसमें चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की हिदायत दी गई। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में आयोजित शिविर में चालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाने और ऑटो की फ्रंट सीट पर सवारी न बैठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने तथा सड़क पर मनमाने ढंग से वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति पैदा नहीं करने को कहा गया।
पुलिस ने चालकों को सवारी उतारने और बैठाने के लिए निर्धारित स्टैंड या साइड लेन का इस्तेमाल करने की सलाह दी। वाहन चलाते समय ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, परमिट और बीमा जैसे वैध दस्तावेज साथ रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन न चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग से बचने और यातायात संकेतों व लाइटों का पालन करने की हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑटो और टोटो का संचालन किसी भी स्थिति में नाबालिगों से नहीं कराया जाना चाहिए।
विज्ञापन
प्रभारी निरीक्षक यातायात ने चालकों को चेतावनी दी कि जागरूकता अभियान के बाद भी नियमों का उल्लंघन, ओवरलोडिंग या अनधिकृत पार्किंग कर जाम लगाने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान, वाहन सीज करने सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चंदौली पुलिस ने वाहन चालकों और आम लोगों से यातायात नियमों का पालन कर सड़क व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाने में सहयोग की अपील की।



