Chandauli News : वन भूमि पर बने अवैध पक्का निर्माण पर गरजा बुलडोजर, दो नामजद समेत अज्ञात पर मुकदमा..
“चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। जयमोहनी रेंज के धौठवा बीट में जेसीबी से पक्का निर्माण ध्वस्त कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। मामले में दो नामजद लोगों समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया गया है।”
chandauli
12:20 AM, Oct 23, 2026
Share:


वन भूमि पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त करता है बुलडोजर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : धर्मेंद्र कुमार, ब्यूरो चंदौली.
चंदौली। वन भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कराने वालों के खिलाफ वन विभाग ने गुरुवार, 22 अक्टूबर को बड़ी कार्रवाई की। काशी वन्यजीव प्रभाग, रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के निर्देश पर जयमोहनी रेंज के धौठवा बीट स्थित कक्ष शिकरगंज-16 में जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया गया। कार्रवाई के बाद वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
वन विभाग के अनुसार, खुथहर गांव के कुछ लोगों द्वारा आरक्षित वन भूमि पर कब्जा कर पक्का निर्माण कराया जा रहा था। मौके पर नींव भरने के साथ पिलर खड़े कर निर्माण का मजबूत ढांचा तैयार कर लिया गया था। इसकी जानकारी मिलते ही प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देश पर वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने मझगांई रेंज के सहयोग से टीम गठित की और मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया।
विज्ञापन
मामले में मलिक पुत्र राम अचल और हीरा पुत्र राम मूरत, निवासीगण खुथहर गांव, थाना नौगढ़ समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया गया है। वन विभाग की ओर से आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने स्पष्ट कहा कि वन भूमि पर एक इंच भी अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण करने वाले स्वयं कब्जा हटा लें, अन्यथा ध्वस्तीकरण के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान वन दरोगा सोमेश कुमार, वीरेंद्र पांडेय, शुभम कुमार, संजय चौहान, वन रक्षक चंद्रशेखर, प्रेम सिंह, मुलायम सिंह, धर्मवीर सिंह, प्रमोद यादव और भोलानाथ सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी व वाचर मौजूद रहे।



