Chandauli News : पितृ विसर्जन पर गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़, पूर्वजों को किया तर्पण.
“चंदौली में पितृ विसर्जन पर बलुआ से धानापुर तक गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। लोगों ने स्नान, तर्पण और पिंडदान किया। बलुआ बाजार में जाम से निपटने के लिए पुलिस मुस्तैद रही।”
chandauli
5:30 PM, Oct 10, 2026
Share:


बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनीं गंगा तट पर पितरों को तर्पण करते श्रद्धालु।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। पितृ विसर्जन के अवसर पर शनिवार को बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनीं गंगा तट समेत धानापुर क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भोर से ही गंगा स्नान, मुंडन और तर्पण का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पिंडदान कर अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित की। नरौली, अमादपुर, गुरैनी और रायपुर स्थित डंहारी घाट पर भी लोगों ने तर्पण किया।
पंडित मुन्ना मिश्रा ने बताया कि सर्वपितृ अमावस्या पर उन पूर्वजों का श्राद्ध किया जाता है, जिनकी मृत्यु तिथि की जानकारी नहीं होती। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, काले तिल, कुशा और जल से तर्पण के साथ जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र और अन्न दान करना पुण्यकारी माना जाता है। पंचबली के तहत गाय, कुत्ते, कौवे, चींटियों और देवताओं के निमित्त भोजन का अंश निकालने की भी परंपरा है।
विज्ञापन
घाटों पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए बलुआ थाना प्रभारी संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल के नेतृत्व में समिति के लोग भी व्यवस्था संभालते रहे। श्रद्धालुओं की आवाजाही से बलुआ बाजार में जाम की स्थिति बनी, जिसे नियंत्रित करने में पुलिसकर्मी जुटे रहे। पूरे क्षेत्र में पितृ विसर्जन पर धार्मिक आस्था का माहौल बना रहा।


