Chandauli News: 308 पहियों वाले ‘वायरल ट्रक’ को तेज बारिश में भी देखने उमड़ी भीड़, राहगीर बोले- ऐसा ट्रक कभी नहीं देखा.
“सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा 308 पहियों वाला विशालकाय ट्रक अब चंदौली के पचपेड़वा इलाके में पहुंच गया है। नेशनल हाईवे पर खड़े इस भारी-भरकम ट्रक और उस पर लदे करीब 180 टन वजनी लोहे के विशाल पार्ट्स को देखने के लिए बारिश और तेज हवाओं के बीच भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।”
chandauli
10:11 PM, Sep 26, 2026
Share:


वाइरल ट्रक
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : प्रदीप शर्मा उर्फ बबलू.
चंदौली। सोशल मीडिया पर इन दिनों चर्चा का विषय बना 308 पहियों वाला विशालकाय ट्रक चंदौली के पचपेड़वा इलाके में पहुंच गया है। नेशनल हाईवे-19 पर इस भारी-भरकम वाहन को देखते ही राहगीरों की नजरें थम जा रही हैं। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के बावजूद लोग सड़क किनारे रुककर ट्रक और उस पर लदे करीब 180 टन वजनी विशाल लोहे के पार्ट्स को देखने पहुंच रहे हैं। कई लोग ट्रक के साथ सेल्फी ले रहे हैं तो कुछ मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। भीड़ बढ़ने के कारण कुछ लोग सड़क के बीच तक पहुंचकर तस्वीरें लेने लग रहे हैं, जिससे मौके पर यातायात को लेकर भी सावधानी की जरूरत दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि यह विशालकाय लोहे का पार्ट्स बेल्जियम से समुद्र के रास्ते ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पहुंचा था। वहां से इसे विशेष मल्टी-एक्सल ट्रांसपोर्टर के जरिए नेशनल हाईवे-19 से उत्तर प्रदेश के बलरामपुर की ओर ले जाया जा रहा है। इस भारी-भरकम मशीनरी पार्ट्स को ले जाने वाले ट्रक के बिहार के कैमूर जिले से गुजरने के दौरान इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। 308 पहियों वाले इस असामान्य ट्रांसपोर्टर को लेकर लोगों में इतनी चर्चा हुई कि इसे सोशल मीडिया पर ही ‘वायरल ट्रक’ नाम मिल गया। अब यही ट्रक चंदौली पहुंचा तो सोशल मीडिया पर इसे देखने की उत्सुकता रखने वाले लोग सड़क पर भी इसे देखने के लिए रुकते नजर आए।
विज्ञापन
गाजीपुर से शक्तिनगर जा रहे त्रिलोकनाथ भी परिवार के साथ इस ट्रक को देखने के लिए रुके। उन्होंने बताया कि वह फेसबुक आदि पर लगातार ‘वायरल ट्रक’ के वीडियो देख रहे थे और आज रास्ते में अचानक वही ट्रक सामने मिल गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने इससे पहले इतना बड़ा ट्रक कभी नहीं देखा था और सामने देखकर काफी अच्छा लगा। इसी तरह संदीप कुमार ने बताया कि फेसबुक और इंस्टाग्राम खोलने पर इन दिनों लगातार इसी ट्रक के वीडियो दिखाई दे रहे हैं। रास्ते में ट्रक दिखाई दिया तो उन्होंने भी रुककर फोटो खिंचवाई और रील बनाई। उनका कहना था कि इतना बड़ा ट्रक उन्होंने पहले कभी नहीं देखा था।



