Chandauli News: सांप पकड़ने गए सपेरे की मौत, कोबरा सांप ने कई बार डसा, परिवार में कोहराम.
“चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में घर से सांप निकालने पहुंचे एक सपेरे की सर्पदंश से मौत हो गई। वह वर्षों से लोगों के घरों और सार्वजनिक स्थानों पर निकले सांपों को पकड़कर जंगल में छोड़ता था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।”
chandauli
12:57 PM, Oct 28, 2026
Share:


कोबरा सांप को हाथ पकड़े गुलाब राम की फाइल फोटो
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के छपरा गांव में मंगलवार देर रात घर से सांप पकड़ने गए सराय बलुआ गांव निवासी गुलाब राम की सर्पदंश से मौत हो गई। 38 वर्षीय गुलाब राम को सांप पकड़ने के दौरान कई बार डस लिया। हालत बिगड़ने पर ग्रामीण उन्हें सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सराय बलुआ गांव निवासी गुलाब राम घरों में चूना-पेंट करने का काम करते थे। इसके साथ ही वह घरों, दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर निकलने वाले सांपों को पकड़ने का काम भी करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, वह अब तक सैकड़ों सांप पकड़ चुके थे और उन्हें सुरक्षित जंगल में छोड़ देते थे। क्षेत्र में कहीं भी सांप निकलने की सूचना मिलने पर वह लोगों की मदद के लिए पहुंच जाते थे। मंगलवार देर रात छपरा गांव निवासी शौकत अली के घर में सांप निकलने पर गुलाब राम को बुलाया गया था। वह सांप को पकड़ने में सफल हो गए थे, लेकिन इसी दौरान उनकी पकड़ ढीली पड़ गई। बताया जा रहा है कि सांप ने उन पर लगातार चार बार वार किया, जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी और वह अचेत हो गए। ग्रामीण उन्हें तत्काल उपचार के लिए सकलडीहा पीएचसी ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
विज्ञापन
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुलाब राम की मौत से उनके पिता शिवपूजन, मां नगीना, पत्नी सुषमा, पुत्र हर्ष और पुत्री सिमरन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।



