Chandauli News: DIG वैभव कृष्ण ने पहाड़ी क्षेत्रों के थानों का किया निरीक्षण, अपराधियों व पशु तस्करों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश.
"डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि जनपद में पशु तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और तस्करी में शामिल लोगों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वाले सफेदपोश तत्वों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जा रही है।"
chandauli
10:27 AM, Jun 16, 2026
Share:


चकिया कोतवाली में डीआईजी व एसपी को सलामी देते चकिया थाना प्रभारी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया (चंदौली).
चंदौली। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वैभव कृष्ण ने सोमवार को जनपद चंदौली के सुदूरवर्ती एवं पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित थानों का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने चकरघट्टा थाना, नौगढ़ थाना तथा चकिया कोतवाली का निरीक्षण करते हुए अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं, जनसुनवाई व्यवस्था और पुलिस संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के निर्देश दिए।
चकिया कोतवाली में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान डीआईजी ने क्षेत्र में चोरी की घटनाओं, पशु तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में की जा रही कार्रवाई की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान चकिया कोतवाली परिसर में व्यापारियों एवं नगर के संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, चोरी की घटनाओं और अन्य स्थानीय समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। डीआईजी वैभव कृष्ण ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनपद में पशु तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जा रहा है और तस्करी में शामिल लोगों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वाले सफेदपोश तत्वों के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
विज्ञापन
डीआईजी ने पुलिस चौकियों और थानों की आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि जर्जर भवनों के मरम्मत और सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा, ताकि पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध हो सके और वे अधिक प्रभावी ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकें।इस दौरान पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश संगठन मंत्री अशोक केशरी, जिला महामंत्री राकेश मोदनवाल, मोहन वर्मा, महमूद आलम, विष्णु जायसवाल, भाजपा नेत्री सुषमा जायसवाल, ज्योति गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। डीआईजी के इस दौरे को सीमावर्ती एवं पहाड़ी क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



