Chandauli News : डीडीयू नगर की दीक्षा कुमारी ने जीता गोल्ड, फाइनल में यूपी पुलिस की पहलवान को दी पटखनी.
“गोरखपुर में आयोजित सीनियर ओपन स्टेट महिला कुश्ती प्रतियोगिता में डीडीयू नगर की दीक्षा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले और पूर्व मध्य रेल का नाम रोशन किया। 57 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में उन्होंने यूपी पुलिस की पहलवान दीक्षा तोमर को हराकर खिताब अपने नाम किया।”
chandauli
5:16 PM, Oct 27, 2026
Share:


Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। गोरखपुर में आयोजित सीनियर ओपन स्टेट महिला कुश्ती प्रतियोगिता में डीडीयू नगर की पहलवान दीक्षा कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। 57 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में उन्होंने यूपी पुलिस की पहलवान दीक्षा तोमर को चित कर खिताब जीत लिया। उनकी इस उपलब्धि से पूर्व मध्य रेल के प्लांट डिपो कारखाना और उनके पैतृक गांव सरसा, जमालपुर में खुशी का माहौल है।
उत्तर प्रदेश रेसलिंग एसोसिएशन की ओर से 23 से 26 अक्टूबर तक गोरखपुर के सहजनवा स्थित मुरारी इंटर कॉलेज में प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। दीक्षा ने सेमीफाइनल में बागपत की पहलवान कृष्णा कुमारी को हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद निर्णायक मुकाबले में यूपी पुलिस की पहलवान को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। दीक्षा के पिता रविंद्र कुमार उर्फ रविंद्र पहलवान पूर्व मध्य रेल के प्लांट डिपो इंजीनियरिंग कारखाना के स्थापना अनुभाग में मुख्य कार्यालय अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कुश्ती कोटे से रेलवे में नौकरी प्राप्त की थी। दीक्षा और उनके भाई शुभम ने परिवार की कुश्ती परंपरा को आगे बढ़ाया है। शुभम भी खेलो इंडिया में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
विज्ञापन
इस उपलब्धि पर पूर्व मध्य रेलवे कर्मचारी यूनियन (ईसीआरकेयू) के केंद्रीय सहायक महामंत्री बीबी पासवान ने दीक्षा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पूरे पूर्व मध्य रेल और प्लांट डिपो परिवार के लिए गौरव की बात है। दीक्षा ने साबित किया है कि रेलवे कर्मचारियों के बच्चे भी खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इस अवसर पर यूकेएस पी सिंह, शंकर पहलवान, मोहन राम, रमेश कुमार श्रीवास्तव, मुकेश पासवान, कृष्णकांत पाल, रणजीत कुमार, संजय कुमार शर्मा, महेश कुमार, कृष्णा साहू, सुवास सिंह, धर्मेंद्र कुमार, प्रशांत कुमार, धनेश कुमार, राजेंद्र प्रसाद और नारद मुनि राय सहित कारखाना परिसर के कर्मचारियों ने दीक्षा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



