Chandauli News: बंधक रखे सोने-चांदी के आभूषणों के ब्याज को लेकर विवाद, सर्राफा कारोबारी की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज.
“मुगलसराय में बंधक रखे सोने-चांदी के आभूषण वापस लेने को लेकर ब्याज दर का विवाद सामने आया है। बौरी निवासी सर्राफा कारोबारी ने दो लोगों पर चक्रवृद्धि ब्याज के नाम पर आभूषण रोकने और मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है।”
chandauli
12:22 PM, Nov 2, 2026
Share:


मुग़लसराय कोतवाली दर्ज एफआईआर
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू, डीडीयू नगर, चंदौली.
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में बंधक रखे सोने-चांदी के आभूषण वापस लेने को लेकर ब्याज दर का विवाद सामने आया है। बबुरी थाना क्षेत्र के बौरी गांव निवासी सर्राफा कारोबारी सौरभ सेठ ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर शिवम सेठ और राजू सेठ पर मानसिक प्रताड़ना देने तथा बंधक रखे आभूषण वापस नहीं करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, सौरभ वर्ष 2010 से 2025 के बीच अपने ग्राहकों के करीब 100 आभूषण अलग-अलग तिथियों और रकम पर जेवर महल फर्म में बंधक रखते थे। इसके बदले उन्हें कच्ची रसीद दी जाती थी और ब्याज सहित रकम चुकाने पर आभूषण वापस मिल जाते थे।
सौरभ का आरोप है कि मार्च 2026 तक लेनदेन सामान्य रूप से चलता रहा, लेकिन बाद में बचे 34 आभूषणों को एक साथ छुड़ाने की बात कही गई। शिकायत में इन आभूषणों का कुल वजन 4.007 किलोग्राम चांदी और 112.780 ग्राम सोना बताया गया है, जिन्हें अलग-अलग तिथियों में कुल 2,52,200 रुपये पर बंधक रखा गया था। कारोबारी के मुताबिक, ग्राहकों से रकम जुटाकर आभूषण छुड़ाने पहुंचे तो शिवम सेठ और राजू सेठ ने 18 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के बजाय 36 प्रतिशत वार्षिक चक्रवृद्धि ब्याज की मांग की। आरोप है कि ब्याज की नई दर पर सहमति नहीं बनने के कारण आभूषण लौटाने से इनकार कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस संबंध में 26 जुलाई और 14 अगस्त को भी प्रार्थना पत्र दिया गया था तथा मैनाताली चौकी पर हुई बातचीत में भी विवाद का समाधान नहीं हो सका।
विज्ञापन
सौरभ सेठ ने 7 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मामले में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कानून के खिलाफ जाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



