Chandauli News: जमीन विवाद में दोहरी हत्या का खुलासा, दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हसिया बरामद.
“धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गावां में मिले दो युवकों के शव के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जमीन और कटरा खरीदने को लेकर हुए विवाद में दोनों की गोली मारकर और धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई थी।”
chandauli
9:23 PM, Nov 5, 2026
Share:


मृतकों की फाइल फोटो पकड़े गए आरोपी
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के डेढ़गावां में 22 अक्टूबर को नहर और सड़क किनारे मिले दो युवकों के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों धानापुर थाना क्षेत्र के मेढ़वा गांव निवासी सूर्यप्रकाश सिंह और विकास सिंह को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक हसिया भी बरामद किया गया है। मृतकों की पहचान गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर निवासी सिद्धार्थ सिंह (32) और कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के यशोदा नगर निवासी सागर त्रिपाठी (35) के रूप में हुई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों के शरीर पर धारदार हथियार से वार और गोली लगने के निशान मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, फॉरेंसिक, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम ने जांच शुरू की थी।
सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि जांच में सामने आया कि 21 अक्टूबर की रात जमीन और नंदगंज में सिद्धार्थ सिंह के नाम पर दर्ज एक कटरे की खरीद-फरोख्त व रजिस्ट्री को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के मुताबिक, धानापुर क्षेत्र में घनश्याम सिंह के मकान पर शराब और मीट की पार्टी रखी गई थी, जिसमें सिद्धार्थ, उसका दोस्त सागर और अन्य लोग शामिल थे। इसी दौरान सिद्धार्थ और रवि सिंह के बीच कटरे की रजिस्ट्री को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि रवि सिंह और गोलू सिंह सिद्धार्थ को घर के बाहर सड़क पर ले गए और सीने में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर सागर फोन पर अपने मित्र को घटना की जानकारी देने लगा तो आरोपियों ने उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, सूर्यप्रकाश सिंह ने हसिया से सागर का गला रेत दिया, जबकि रवि सिंह ने उसे भी गोली मार दी।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद दोनों शवों को ठिकाने लगाने के लिए आरोपियों ने एक अन्य साथी की मदद ली। सिद्धार्थ का शव सूर्यप्रकाश की स्कॉर्पियो में रखा गया, जबकि सागर के शव को बोरे में भर दिया गया। इसके बाद दोनों शवों को डेढ़गावां-जमानिया बॉर्डर के पास अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया और आरोपी वाराणसी की ओर चले गए। पुलिस ने बताया कि इस मामले में रवि सिंह और गोलू सिंह समेत कुछ अन्य लोगों के नाम भी जांच में सामने आए हैं। गिरफ्तार सूर्यप्रकाश सिंह और विकास सिंह को न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े पहलुओं की जांच जारी है।


