Chandauli News: गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद लगी आग, तेज धमाके के साथ फटा सिलेंडर, गृहस्थी का सामान राख.
“चंदौली के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के मझगाई गांव में गैस रिसाव के कारण घर में आग लग गई। देखते ही देखते सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में परिवार के लोग बाल-बाल बच गए, लेकिन खाने-पीने का सामान, कपड़े और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं।”
chandauli
11:22 PM, Nov 21, 2026
Share:


आग बुझाता ग्रामीण
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : लकी केसरी, नौगढ़, चंदौली.
चंदौली। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के मझगाई गांव में शुक्रवार को गैस सिलेंडर में रिसाव के चलते घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। घटना के दौरान घर में मौजूद परिवार के लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखा खाने-पीने का सामान, कपड़े और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं।
जानकारी के अनुसार, मझगाई गांव निवासी अशोक पुत्र राम सखी घर में खाना बना रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और सिलेंडर धमाके के साथ फट गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया और उसे आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया। घटना के बाद परिवार ने 112 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई और मामले से उपजिलाधिकारी पवन कुमार यादव को अवगत कराया। एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्किल लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया।
विज्ञापन
आग में गृहस्थी का सामान जलने से परिवार के सामने खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है। फिलहाल परिवार दुकान से खाद्य सामग्री खरीदकर किसी तरह गुजारा कर रहा है। उपजिलाधिकारी पवन कुमार यादव ने बताया कि लेखपाल के माध्यम से घटना की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।


