Chandauli News: एक मंच पर दो धर्म के 48 जोड़ों का हुआ विवाह, विधायक ने दिया आशीर्वाद.
"चकिया में आयोजित यह अनोखा सामूहिक विवाह न केवल सामाजिक एकता का उदाहरण बन गया, बल्कि इसने यह भी साबित किया कि सरकारी योजनाएँ सही क्रियान्वयन के साथ लोगों की ज़िंदगी में वास्तविक बदलाव ला सकती हैं"
chandauli
8:30 PM, Dec 12, 2025
Share:


चकिया ब्लाक में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में जय माल के दौरान वर और वधू
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: गोविंद कुमार, चकिया तहसील.
चंदौली। चकिया विकासखंड परिसर ने शुक्रवार को सामाजिक समरसता और सरकारी योजनाओं की सफल कार्यान्वयन की एक अनोखी तस्वीर पेश की। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत कुल 48 जोड़ों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। इनमें 45 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सात फेरे लिए, जबकि तीन मुस्लिम जोड़ों का निकाह पूरी परंपरागत प्रक्रिया के साथ संपन्न कराया गया। एक ही मंच पर दो धर्मों की रस्में हिंदू विवाह और मुस्लिम निकाह का यह अद्भुत संगम सामाजिक सौहार्द्र, विविधता और सरकारी योजनाओं की सही भावना को नई ऊँचाई देता है। यह स्पष्ट संदेश भी मिला कि योजनाएं तब सार्थक होती हैं, जब उनमें संवेदना और जिम्मेदारी का समावेश हो।
कार्यक्रम की शुरुआत चकिया भाजपा विधायक कैलाश खरवार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव और खंड विकास अधिकारी विकास सिंह ने भी संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित की। विवाह मंडप में हिंदू रीति-रिवाजों के मंत्रोच्चार और मुस्लिम जोड़ों के निकाह के कलमे गूंजते रहे। परिसर खुशियों, उत्साह और संस्कारों की एकता से सराबोर रहा।
सभी नवविवाहित जोड़ों को विवाह उपरांत घरेलू उपयोग की सामग्री भेंट की गई। साथ ही योजना के तहत बढ़ी हुई 60 हजार रुपये की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के जरिए उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। योजना का उद्देश्य केवल विवाह सम्पन्न कराना नहीं, बल्कि नवगठित परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत आधार देना है।
विज्ञापन
ये भी पढ़ें: Sonbhadra News: कुएं में मिला विवाहिता का शव, हड़कंप.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम पंचायतों के प्रधान, ब्लॉक कर्मचारी और विकासखंड की पूरी टीम सक्रिय रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए नगर चौकी इंचार्ज सुनील कुमार पूरे दिन पुलिस बल के साथ स्थल पर तैनात रहे, जिससे कार्यक्रम बिना किसी बाधा के शांतिपूर्वक पूरा हुआ।
चकिया में आयोजित यह अनोखा सामूहिक विवाह न केवल सामाजिक एकता का उदाहरण बन गया, बल्कि इसने यह भी साबित किया कि सरकारी योजनाएँ सही क्रियान्वयन के साथ लोगों की ज़िंदगी में वास्तविक बदलाव ला सकती हैं।
