Chandauli News : रेलवे ट्रैक पर नवविवाहिता की ट्रेन से कटकर मौत, शौचालय न होने पर उठे सवाल.
“चंदौली के नौबतपुर में सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर शौच के लिए गई नवविवाहिता की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की शादी महज कुछ महीने पहले हुई थी। परिजनों ने घर में शौचालय न होने और आवेदन के बावजूद स्वीकृति नहीं मिलने की बात कही है।”
chandauli
5:32 PM, Oct 27, 2026
Share:


थाना सैयदराजा, चंदौली
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : अरविंद कुमार, सैयदराजा, चंदौली.
चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र के नौबतपुर में सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर शौच के लिए गई नवविवाहिता की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान जीवनाथपुर निवासी निशा के रूप में हुई है। उसकी शादी बीते छह मई को नौबतपुर निवासी अजय से हुई थी। अजय एक पेट्रोल पंप पर मजदूरी करता है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
परिजनों के अनुसार, सोमवार सुबह निशा अपनी सास और गांव की अन्य महिलाओं के साथ शौच के लिए गई थी। इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विज्ञापन
निशा के ससुर प्रमोद पासवान ने बताया कि निशा रोज की तरह शौच के लिए गई थी, तभी हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि घर में शौचालय होता तो शायद यह घटना नहीं होती। प्रमोद पासवान के मुताबिक, शौचालय बनवाने के लिए कई बार आवेदन किया गया, लेकिन स्वीकृति नहीं मिल सकी। घटना के बाद घर में शौचालय की सुविधा नहीं होने और आवेदन के बावजूद स्वीकृति न मिलने का मुद्दा भी सामने आया है।



